News Agengy:- ईरान-इजराइल युद्ध में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित युद्धविराम की अनदेखी करते हुए ईरान ने सोमवार सुबह इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इजराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने पुष्टि की कि यह हमला हुआ है, जिसके चलते कई शहरों में सायरन बजाए गए। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने दावा किया था कि दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बन गई है और यह चरणबद्ध तरीके से लागू होगा। इसके उलट, ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कहा कि अब तक कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने साफ किया कि यदि इजराइल तेहरान समय के अनुसार सुबह 4 बजे तक आक्रमण रोक देता है, तभी संघर्ष समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।
ईरान के संसद अध्यक्ष के सलाहकार महदी मोहम्मदी ने भी अमेरिका और इजराइल पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये देश ईरान की सतर्कता को कमजोर करना चाहते हैं ताकि वे आगे हमला कर सकें।
तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि 13 जून से जारी युद्ध में इजराइल ने ईरान के रिहायशी इलाकों और परमाणु स्थलों को निशाना बनाया है। वहीं, ईरान वाशिंगटन के साथ छठे दौर की कूटनीतिक वार्ता की तैयारी में था।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने जानकारी दी कि तेहरान में रात भर विस्फोट होते रहे और ईरान की हवाई सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई। इजराइल की सेना ने दावा किया कि उसने ईरान से लॉन्च किए गए कई ड्रोन को बीच में ही मार गिराया है।

