Koderma News:- राज्यव्यापी मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता अभियान के तहत कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें अवैध शराब और गांजा के साथ कई व्यक्तियों को पकड़ा गया।
अभियान के दौरान बजरंग नगर स्थित एक दुकान से 23 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। वहीं, सीएच स्कूल के समीप किशुन लाल मोदी की गुमटी से 55 ग्राम गांजा, 19 पीस मिट्टी की चिलम और 66 पीस एलआईटी पेपर जब्त किया गया। पूछताछ में किशुन लाल कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अलावा, विभिन्न होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर भी छापेमारी की गई। शराब पीते पाए गए लोगों को मौके से पकड़ा गया और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। सभी मामलों में तिलैया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध बिक्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह, सीटी मैनेजर लेमान्सु कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय गुप्ता, महादेव पांडेय और सशस्त्र बल शामिल रहे।

