Ranchi News:- भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज़ रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में हो गया। रविवार सुबह से ही शहर में क्रिकेट का उत्साह चरम पर था। सुबह होते ही स्टेडियम के बाहर लंबे-लंबे इंतज़ामों के बीच दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने लगी और पूरा माहौल नीली जर्सियों के रंग में रंग गया।
हजारों प्रशंसक विराट कोहली और रोहित शर्मा की झलक पाने के लिए सुबह से ही लाइन में खड़े दिखाई दिए। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी क्रिकेट प्रेमी इस बड़े मुकाबले को देखने पहुंचे हैं। वहीं बच्चों और युवाओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। कई दर्शक चेहरे पर तिरंगा पेंट करवा रहे थे, जबकि स्टेडियम के आसपास टीम इंडिया की जर्सी, बैंड और झंडों की खूब बिक्री हो रही थी।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। पूरे स्टेडियम परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है, जहां करीब 5000 जवानों की तैनाती की गई है। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच की जा रही है और ड्रोन कैमरों से भीड़ पर नजर रखी जा रही है। क्विक रिस्पॉन्स टीम लगातार गश्त कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा खुद एसएसपी राकेश रंजन ले रहे हैं।
टॉस में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारतीय कप्तान केएल राहुल ने कहा कि टीम पूरी तरह तैयार है और ओस की संभावना को देखते हुए पहले बल्लेबाज़ी का फैसला बेहतर माना गया।
इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली लगभग नौ महीने बाद घरेलू मैदान पर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। यही कारण है कि दर्शकों में रोमांच कई गुना बढ़ गया है।
दोनों टीमों ने इस मैच के लिए मजबूत प्लेइंग इलेवन उतारी है। भारत की युवा और अनुभवी खिलाड़ियों वाली टीम जहां जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी, वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम भी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरी है।

