Patna/Sitamarhi News:- बिहार में प्रबल भारत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अधिवक्ता दिलीप मिश्रा के ठिकानों पर मंगलवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। यह छापेमारी सीतामढ़ी जिले के परसौनी थाना क्षेत्र स्थित अंढ़ेरा गांव में उनके आवास पर की गई।
सुबह करीब 6 बजे पांच गाड़ियों में सवार होकर आयकर विभाग की टीम उनके घर पहुंची। अधिकारियों ने दरवाजा खुलवाकर भीतर प्रवेश किया और छापेमारी शुरू कर दी। घर के मुख्य गेट और परिसर के अंदर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, दिलीप मिश्रा से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारी उनके खर्च, आय और विभिन्न स्रोतों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की एक टीम अंढ़ेरा स्थित घर की जांच में जुटी है, जबकि दूसरी टीम मिश्रा को साथ लेकर उनके अन्य ठिकानों की ओर रवाना हो गई है। इनमें बेलसंड के चंदौली में उनकी बेटी का निवास और समस्तीपुर के रोसड़ा में उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट का कार्यालय शामिल है।
फिलहाल कार्रवाई जारी है, और आयकर विभाग किसी भी स्तर पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों में इस छापेमारी को लेकर काफी चर्चा है, वहीं प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
यह छापेमारी बिहार की राजनीति में हलचल मचा सकती है, क्योंकि दिलीप मिश्रा राज्य में एक नई राजनीतिक शक्ति के तौर पर उभरे हैं।

