Uttarkashi News:- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को एक भयावह प्राकृतिक आपदा सामने आई, जब हर्षिल क्षेत्र के धराली गांव में बादल फटने से खीरगंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इस हादसे में इलाके के 20 से 25 होटल और होमस्टे पूरी तरह तबाह हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत कार्य जारी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गंगोत्री धाम से लगभग 20 किलोमीटर पहले स्थित धराली गांव में जब अचानक खीरगंगा में बाढ़ आई, तो मुखवा गांव के लोगों ने चीख-पुकार कर लोगों को अलर्ट किया। फिर भी बाढ़ ने कई होटलों को बहा दिया और अंदेशा जताया जा रहा है कि 10 से 12 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
स्थानीय निवासी राजेश पंवार ने बताया कि खीरगंगा के जलग्रहण क्षेत्र में ऊपर की ओर बादल फटा, जिससे यह विनाशकारी स्थिति उत्पन्न हुई। लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन शुरू हो गया है।
इस बीच, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और एसपी सरिता डोबाल भी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। आईबेक्स ब्रिगेड के जवान राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घटना की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

