Palamu News:- डालटनगंज रेलवे स्टेशन के न्यू पार्किंग एरिया में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। नशे में धुत एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को कुचल दिया, जिसमें दो मासूम बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल यात्री हैदरनगर के रहने वाले हैं और डिज्नीलैंड मेला देखने स्टेशन पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार (जेएच 01 एफ 9466) तेज रफ्तार से पार्किंग में घुसी और वहां बैठे यात्रियों को रौंदते हुए पास के गड्ढे में जा गिरी। घटना के बाद अफरातफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
टीओपी 2 प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया गया। चालक पूरी तरह नशे में था और ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल बच्चों में हैदरनगर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव की निधि कुमारी और उसका भाई अंशु कुमार शामिल हैं। अन्य घायलों में अशोक चौधरी और कुछ अन्य यात्री भी हैं।
हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चालक की जमकर पिटाई की और कार पर पत्थर बरसाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि आरोपी की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी के रूप में हुई है। वह पूरी तरह से नशे की हालत में था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
इस घटना से क्षेत्र में गुस्सा और आक्रोश व्याप्त है, वहीं लोग रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

