Chatra News:-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2025 में चतरा जिले ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले को 40,656 किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य मिला था, लेकिन किसानों की जबरदस्त भागीदारी और प्रशासनिक प्रयासों की बदौलत यह संख्या बढ़कर 65,715 तक पहुंच गई। यानी लक्ष्य से 25,059 अधिक किसानों ने योजना में अपना नाम दर्ज कराया। लगभग 127.48 प्रतिशत कवरेज के साथ चतरा ने साहिबगंज के बाद दूसरा स्थान पाया है। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और किसानों की बढ़ती जागरूकता के साथ-साथ प्रशासन की सतत पहल को दर्शाती है। जिला प्रशासन की ओर से लगातार शिविर, पंचायत स्तर की बैठकें और प्रचार-प्रसार अभियान चलाए गए, जिनका सीधा असर किसानों की भागीदारी में दिखा। किसानों ने योजना को अपनी सुरक्षा का मजबूत कवच मानते हुए बड़े पैमाने पर पंजीकरण कराया।
प्रखंडवार योगदान
जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गिद्धौर प्रखंड ने 1,584 के लक्ष्य के विरुद्ध 3,590 किसानों का नामांकन कर 226.64 प्रतिशत की सर्वोच्च उपलब्धि हासिल की। सिमरिया ने 4,488 के लक्ष्य के विरुद्ध 10,045 किसानों का पंजीकरण कर 223.77 प्रतिशत और इटखोरी ने 3,168 के लक्ष्य के विरुद्ध 6,436 किसानों का पंजीकरण कर 203.15 प्रतिशत सफलता अर्जित की।
इसके अलावा कुन्दा ने 193.56 प्रतिशत, चतरा प्रखंड ने 184.89 प्रतिशत, लावालौंग ने 175.99 प्रतिशत और पत्थलगड़ा ने 171.13 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। मयूरहंड और कान्हाचट्टी ने क्रमशः 163.75 और 157.99 प्रतिशत सफलता प्राप्त की। वहीं प्रातापुर ने 142.80 प्रतिशत, हंटरगंज ने 116.15 प्रतिशत और टंडवा ने 108.39 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया।
जिला प्रशासन की प्रतिक्रिया
उपायुक्त कीर्ति ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि किसानों ने जिस विश्वास और सक्रियता से योजना में भागीदारी की है, वह वाकई सराहनीय है। हमारा उद्देश्य आने वाले समय में हर पात्र किसान को इस योजना से जोड़ना है।

