Jamshedpur News:- झारखंड में अंधविश्वास और नशे का एक और खौफनाक चेहरा सामने आया है। जिले के चाकुलिया प्रखंड के धांगोरी गांव में रविवार देर रात एक 65 वर्षीय वृद्धा की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सिनगो किस्कू के रूप में हुई है घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने वृद्धा का खून से सना शव बरामदे में देखा तो सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार वृद्धा अकेली रहती थी। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे नशे की हालत में पड़ोस का युवक कृष्णा हेंब्रम उनके घर पहुंचा। उसने वृद्धा पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया और पीछे से उनका बाल पकड़कर हसुआ से गला रेत दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि वृद्धा को बचाने का मौका भी नहीं मिला।
हत्या के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी को पकड़वाने में मदद की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्णा हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की बहन के बेटे मोहन किस्कू ने बताया कि उनकी मौसी पूरी तरह निर्दोष थी और अकेले जीवन बिता रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोस का युवक नशे में धुत होकर घर आया और मामूली बात को लेकर बेरहमी से हत्या कर दी।
इस वारदात ने एक बार फिर झारखंड में व्याप्त अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं पर सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

