Chaibasa News:- झारखंड स्थापना दिवस सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले में “रन फॉर झारखंड – हमारी एकता की दौड़” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला समाहरणालय परिसर से बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम तक आयोजित इस दौड़ में युवाओं, छात्र-छात्राओं और खेल प्रेमियों का जोश देखने लायक था।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा और अन्य पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर की। उपायुक्त ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड राज्य अपने 25वें स्थापना वर्ष का जश्न मना रहा है और यह दौड़ राज्य की एकता, ऊर्जा और प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास को हर गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दौड़ में युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा के बाद विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में सन्नी ईचागुटू ने प्रथम, लालु कालुंडिया ने द्वितीय, गणेश कालुंडिया ने तृतीय, चिरंजीत पुरर्ती ने चतुर्थ और नारायण बिरूवा ने पंचम स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में बमाई तिरिया प्रथम, सलीमा विरूली द्वितीय, दिग्गी पाड़ेया तृतीय, सुनिता तिरिया चतुर्थ और सबित्री गुईया पंचम स्थान पर रहीं।
विजेताओं को क्रमशः ₹3500, ₹2500, ₹1000, ₹500 और ₹500 की नगद राशि एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, उप निर्वाचन पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर डीएसपी और जिला खेल पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
“रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम ने न केवल युवाओं में देशप्रेम और एकता का संदेश दिया बल्कि राज्य के गौरव और विकास की भावना को भी मजबूत किया।

