Bihar News : सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। थाना क्षेत्र के ठाढ़ी भवानीपुर वार्ड संख्या आठ में देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर एक वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान स्वर्गीय चंदेश्वरी यादव की 65 वर्षीय पत्नी चनिया देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चनिया देवी कई वर्षों से अकेले रह रही थीं। उनके पति का निधन करीब 15 से 20 वर्ष पहले हो चुका था और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। जीविका चलाने के लिए वह बकरी पालन का काम करती थीं और उसी से अपना गुजारा करती थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चनिया देवी ने दो दिन पहले ही कुछ बकरों की बिक्री की थी, जिससे उन्हें कुछ रकम प्राप्त हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी रकम और घर में मौजूद जेवरात के लालच में अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। देर रात बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और विरोध करने पर महिला का गला उनकी ही साड़ी से दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद गले, नाक और हाथ में पहने जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में नशे के आदी युवकों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि नशे की लत के कारण अपराधी मामूली रकम के लिए भी गंभीर वारदातों को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


