Muzaffarpur News: जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सोमवार दोपहर शहर के व्यस्त मोतीझील इलाके में पंजाब नेशनल बैंक के गेट पर पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी से 3 लाख 11 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया गया। घटना शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में से एक में हुई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग निवासी मणिकांत श्रीवास्तव शहर के एक पेट्रोल पंप में कार्यरत हैं। रोज़ की तरह वे सोमवार को साइकिल से पीएनबी मोतीझील शाखा में कैश जमा कराने पहुंचे थे। दोपहर करीब 12:45 बजे जैसे ही वे बैंक के मुख्य द्वार के पास पहुंचे, अपाचे बाइक से आए तीन बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया।
हमलावरों में से एक ने हथियार की बट से उनके हाथ पर प्रहार किया और कैश से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल लहराकर लोगों को धमकाया, जिससे मौके पर अफरा–तफरी का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी आराम से बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों के चेहरे और बाइक का नंबर दिख रहा है। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और सिटी एसपी किरण कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से पूछताछ की और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर अपराधियों की खोज शुरू कर दी।
सिटी एसपी ने बताया कि यह एक गंभीर और योजनाबद्ध वारदात है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। इधर स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

