Koderma News:- तिलैया थाना क्षेत्र के बैजनाथ नगर में रविवार की रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के दौरान चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के गहने और नगद रुपये पर हाथ साफ किया। पीड़ित परिवारों के अनुसार, वारदात के समय सभी लोग घर से बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित अनिल साव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव छठियारी में छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी बीच सोमवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब वह तुरंत घर पहुंचे, तो देखा कि पूरा सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारी और बाक्स खुले पड़े थे, और उसमें रखे जेवरात और लगभग तीन लाख रुपये नकद गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के अंदर से एक शराब की बोतल बरामद की है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर वारदात से पहले घर के भीतर ही शराब पीकर आराम से चोरी को अंजाम देकर फरार हुए होंगे।
बताया जा रहा है कि उसी रात बैजनाथ नगर में दो और घरों में चोरी की कोशिश की गई। इनमें से एक घर में चोरों को सफलता नहीं मिली, जबकि दूसरे घर से भी कुछ सामान गायब होने की बात सामने आई है। एक ही रात में लगातार तीन घरों में चोरी होने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न उठा रहे हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही चोरी करने वाले अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

