Koderma News:-कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया में शनिवार की शाम ठगी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत नरेश नगर में अज्ञात ठग महिला को झांसा देकर लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सतर्क हो गए।
गृहस्वामी सत्यजीत कुमार उर्फ गोलू की मां ने बताया कि शाम को एक युवक घर आया और खुद को किसी कंपनी के प्रोडक्ट का प्रचारक बताते हुए गहनों की सफाई का झांसा देने लगा। शुरुआत में उसने घर के कुछ बर्तनों को अपने लाए केमिकल और पाउडर से साफ किया। फिर उसने जेवरात चमकाने की बात कही।
महिला ने पहले अपने कान के सोने के टॉप्स उस युवक को दिए जिन्हें उसने एक बर्तन में डाल दिया। इसके बाद बहू ने भी गोलू की सोने की चेन, शादी में चढ़ाया गया ढोलना और सोने के झुमके सौंप दिए। इसी बीच उसका एक साथी बिना नंबर प्लेट की बाइक से पहुंचा। दोनों ठगों ने बड़ी चालाकी से महिला और उसकी बहू के हाथों में केमिकल लगाकर उन्हें तुरंत धोने की बात कही। जैसे ही वे अंदर गईं, दोनों युवक मौके से जेवर लेकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब महिलाएं बाहर आईं तो देखा कि ठग गायब हो चुके थे। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए और ठगों की खोज शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। देर रात पीड़िता की ओर से थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एक फुटेज में दोनों युवकों के घर में प्रवेश और निकलने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पुलिस इन्हीं सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके के लोग ठगी के नए तरीके से सकते में हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न दें और ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

