Koderma News:- सिखों के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर निकाली गई जागृति यात्रा का झुमरी तिलैया में गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा पटना साहिब से शुरू होकर झुमरी तिलैया पहुँची, जहाँ महाराणा प्रताप चौक पर श्रद्धालुओं ने इसे ऐतिहासिक पल में बदल दिया।
इस मौके पर तख्त श्री हरमंदिर साहिब पटना गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव इंद्रजीत सिंह ने झुमरी तिलैया के तीनों गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
विभिन्न समुदायों ने किया स्वागत
यात्रा का स्वागत केवल सिख समाज तक सीमित नहीं रहा। भाजपा विधायक नीरा यादव, मयंक यादव और अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ-साथ जैन समाज ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। जैन समाज के मंत्री नरेंद्र झंझरी और वार्ड पार्षद पिंकी जैन ने कहा कि गुरुबानी और गुरु ग्रंथ साहिब के उपदेश मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं।
कैलाश राय स्कूल और सेक्रेड हार्ट स्कूल के छात्र-छात्राएँ भी इस अवसर के साक्षी बने।
नगर कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
महाराणा प्रताप चौक से यात्रा एक नगर कीर्तन के रूप में निकली, जो सूद कैंपस तक पहुँची। सबसे आगे निशान साहिब, उसके पीछे हजारीबाग का बैंड, झांकियाँ और जल छिड़काव की व्यवस्था थी। पाँच प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालु शब्द-कीर्तन करते हुए गुरु महाराज की पालकी के साथ चल रहे थे। झाड़ू सेवा, पुष्प वर्षा और सेवादारों की सेवा भावना ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
लंगर सेवा और आगे की यात्रा
यात्रा के स्वागत के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर सेवा का आयोजन किया गया, जहाँ सभी ने एक साथ प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, यह जागृति यात्रा पूरे देश का भ्रमण करने के बाद आनंदपुर साहिब पहुँचेगी और फिर 24 नवंबर को पटना साहिब लौटेगी।
यह आयोजन धार्मिक आस्था को और गहरा करने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का अनूठा उदाहरण बन गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे – गुरु नानक पुरा गुरुद्वारा के प्रधान बलबीर सिंह भाटिया, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान हरजीत सिंह सलूजा, गुरुद्वारा कलगिधर के सचिव संजू लंबा समेत बड़ी संख्या में सिख और अन्य समुदायों के लोग।

