Hazaribag News:- हजारीबाग जिले के हुरहुरु इलाके में सोमवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अज्ञात अपराधियों ने कथित तौर पर सम्मोहन के जरिए एक महिला से सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। यह घटना तब हुई जब हुरहुरु निवासी मालती देवी रोज की तरह मंदिर में पूजा करने जा रही थीं।
रास्ते में कुछ युवक उनके पास आए और पानी पीने का रास्ता पूछने लगे। बातचीत के दौरान अपराधियों ने महिला को किसी तरह अपने झांसे में ले लिया। मालती देवी ने अनजाने में अपनी सोने की अंगूठी निकालकर दे दी, और उसी बीच अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन भी झपट ली। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना से घबराई मालती देवी ने तुरंत अपने बेटे को फोन कर जानकारी दी। बेटे ने मामले की सूचना बड़ा बाजार थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का मुआयना किया गया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर यह मामला सम्मोहन के जरिए लूट का प्रतीत होता है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी अजनबी से बातचीत करते समय सतर्क रहें और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

