Chaibasa News:- जिले के गुवा डाकघर में करोड़ों रुपये की फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) घोटाले ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। अब तक की जांच में सामने आया है कि करीब 10 खाताधारकों से 48.81 लाख रुपये की ठगी हो चुकी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है।
घोटाले की गंभीरता को देखते हुए रांची से सिंहभूम प्रमंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदय भान सिंह सोमवार को गुवा पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि सभी की राशि तीन माह के भीतर विभागीय प्रक्रिया के तहत लौटा दी जाएगी। मंगलवार से क्लेम फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि समय पर पीड़ितों को मुआवजा मिल सके।
इस घोटाले का मुख्य आरोपी तत्कालीन पोस्टमास्टर विकास चंद्र कुईला बताया जा रहा है, जिसने वर्ष 2021 से 2024 के बीच फर्जी एफडी बनाकर करोड़ों रुपये गबन कर लिए। वह 20 जून को स्थानांतरण के बाद से फरार है और फिलहाल उसकी तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों में गुस्सा है। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, ब्याज सहित धनवापसी और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भी जांच की मांग की है।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि डाक विभाग पर जनता का विश्वास सर्वोपरि है। विभाग पूरी गंभीरता से जांच कर रहा है और पीड़ितों को हर हाल में न्याय मिलेगा।

