Godda News:- गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अपराधियों ने सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया। रात करीब एक बजे बाबूपुर गांव के पास ललमटिया-बोआरीजोर मुख्य मार्ग पर एक ट्रेलर हाईवा को अज्ञात अपराधियों ने आग के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह ट्रक “जयसवाल रोडवेज” कंपनी का था, जो पत्थर लेकर साहिबगंज की ओर जा रहा था। ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि रात के अंधेरे में अचानक दर्जनभर हथियारबंद अपराधियों ने उसे रोका और बिना कुछ कहे ट्रक पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और ललमटिया थाना को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ट्रक पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन प्रथम दृष्टया यह मामला किसी अपराधी गिरोह की करतूत मानी जा रही है।
हाल के दिनों में क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
वहीं, ट्रांसपोर्ट यूनियन ने घटना पर नाराज़गी जताई है और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। यूनियन का कहना है कि ट्रकिंग रूट पर अवैध वसूली भी एक बड़ा कारण हो सकता है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

