Giridih News:- केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने शुक्रवार देर रात गिरिडीह में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक ऑफ इंडिया की पचम्बा कल्याणडीह शाखा के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र (RSETI) के निदेशक सह वरीय शाखा प्रबंधक अभिषेक कमल को 20 हजार रुपये की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई धनबाद की टीम—जिसमें करीब एक दर्जन अधिकारी शामिल थे—ने डीएसपी पाठक के नेतृत्व में शुक्रवार शाम गिरिडीह पहुंचकर छापेमारी की। अभिषेक कमल पर आरोप है कि उन्होंने केंद्र में संचालित कैंटीन के टेंडर में मदद करने के एवज में संचालक से 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
कैंटीन संचालक ने इस संबंध में सीबीआई को शिकायत दी थी। योजना के तहत सीबीआई की टीम ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र में जाल बिछाया और देर रात अभिषेक कमल को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें धनबाद ले जाया गया, जहां आगे की पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई से बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और भी जांच की संभावना जताई जा रही है।

