Garhwa News:- गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र में एक महिला को कट्टा दिखाकर धमकाने वाले युवक को पुलिस ने अवैध हथियार और दो जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा राम के रूप में हुई है, जो पीड़िता ममता देवी का देवर बताया जा रहा है। गुरुवार को बिवाटीकर गांव निवासी ममता देवी ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि उसका देवर कृष्णा राम उसे गाली-गलौज कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने बताया कि वह देशी कट्टा दिखाकर डराने का प्रयास भी कर रहा था।
सूचना मिलते ही रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही कृष्णा राम मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों की मुस्तैदी से उसे धर-दबोचा गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोली बरामद की।
इस पूरे मामले की जानकारी शुक्रवार को नगर उंटारी के एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार और सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार मंडल भी शामिल थे।
गांव में इस घटना को लेकर सनसनी फैल गई है। एक पारिवारिक विवाद का रूप लेकर यह मामला गंभीर अपराध तक पहुंच गया, जिसमें पुलिस की सक्रियता से बड़ी अनहोनी टल गई। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया।

