Garhwa News:- गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडरा गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुनील पासवान, पुत्र स्व. रामविलास पासवान के रूप में की गई है। सुनील अपने भाई के साथ गांव के पूरब दिशा में “बघौंत बाबा देव स्थल” के पास मवेशी चरा रहा था, तभी तीन-चार हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे। पहले उसे डंडों से पीटा गया, फिर सिर और शरीर में गोली मार दी गई। सुनील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को इसी जमीन विवाद को लेकर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी और विरोधी पक्ष ने खुलेआम धमकी दी थी कि “गोली मार देंगे।” बावजूद इसके पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर हरकत में आती, तो आज सुनील जिंदा होता।
घटना के बाद कांडी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग की। मौके पर बिश्रामपुर विधायक नरेश सिंह, डीएसपी नीरज कुमार, नगर डीएसपी सतेंद्र सिंह, और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
मृतक सुनील पासवान मजदूरी कर अपने परिवार का पालन करता था। उसके छह बच्चे, पत्नी और वृद्ध मां हैं। घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने अब मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। लेकिन सवाल अब यह उठ रहा है कि थाना में धमकी दिए जाने के बाद भी समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

