Araria News:- बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात तेजाब से हमला करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात में 10 युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को पहले अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यह घटना आरएस थाना क्षेत्र के धामा पंचायत के मटियारी गांव वार्ड संख्या 1 की है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया और गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सदर एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मटियारी गांव निवासी रंजीत यादव के घर के पास कुछ युवक स्मैक का नशा कर रहे थे। इसी दौरान रंजीत यादव ने उन्हें समझाकर वहां से जाने को कहा और खुद लौट गए। इसके बाद नशे में धुत युवकों ने रंजीत यादव के भांजे की साइकिल तोड़ दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। हंगामे की सूचना पर ग्रामीण जमा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख नशे में धुत युवक एक कमरे में जाकर छिप गए। तभी वहां मौजूद भीड़ ने कमरे में बंद युवकों पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में करीब 10 युवक झुलस गए।
आनन-फानन में ग्रामीण प्रतिनिधियों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कई पीड़ितों की आंखों में भी तेजाब चला गया, जिससे उनकी रोशनी जाने का खतरा बताया जा रहा है। घायलों में कुमोद यादव, पंकज यादव, रंजीत यादव, प्रेमसागर, सिंटू यादव, दीपक कुमार, नवीन कुमार, चंचला देवी, मुन्ना यादव और शिवनारायण यादव शामिल हैं। सभी पीड़ित मटियारी वार्ड संख्या 1 के ही निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धामा पंचायत के सरपंच सिकंदर मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने स्वयं घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने घटना को लेकर अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। वहीं, दोनों पक्षों की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। जयप्रकाश यादव ने अपनी शिकायत में महेश साह, प्रभु साह, राजा साह, रवि साह और तीन अज्ञात लोगों पर तेजाब से हमला कर दर्जनों युवकों को घायल करने का आरोप लगाया है।
एसपी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले की मॉनिटरिंग सदर एसडीपीओ सुशील कुमार खुद कर रहे हैं। गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। घायलों के इलाज और उन्हें हर संभव सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया है।

