सुपौल।
मामूली विवाद में सोमवार की शाम को एक पक्ष के लोगो ने दूसरे पक्ष के लोगो पर एसिड से अटैक कर दिया। इस हादसे में पांच लोग झुलस गए। पांचो घायलो को बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र स्थित कुसहा पंचायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी अनुसार पंचायत निवासी रूपेश शाह के घर पर शाम को पूजा हो रही थी। पूजा के उपरांत जगह जगह लावा व जल का छिड़काव किया जा रहा था। इस क्रम मेें पड़ोसी अनमोल यादव के घर में भी लावा और जल का छिड़काव किया गया। इसका विरोध अनमोल यादव के परिवार ने किया तो दोनो पक्षो के बीच विवाद बढ़ गया। इस बीच रूपेश शाह के लोगो ने अनमोल यादव के परिवार पर एसिड से हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना में अनमोल यादव परिवार के चंद्रशेखर कुमार, बबलू कुमार, ओम प्रकाश कुमार, तरूण कुमार और अमित कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इससे इलाके में अफरा तफरी मच गया। थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोषियो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
