Palamu News:- जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के तेलाड़ी गांव में गुरुवार को पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। गुस्से में आए बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान सीमा देवी (28) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सीमा देवी का अपनी जेठानी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान पास में बैठे बड़े भाई जनेश्वर राम ने आपा खो दिया और घर में रखी टांगी उठाकर सीमा देवी के गर्दन पर वार कर दिया। तेज प्रहार से सीमा देवी मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। छतरपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी जनेश्वर राम को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल टांगी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
मृतका के पति ने बताया कि घटना के वक्त वह अपने भांजे का इलाज कराने के लिए मेदिनीनगर गया हुआ था। घर लौटने पर उसे इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिली।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

