Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने अपने ही पति को पहले लाठी से पीटा और फिर फंदे से लटका दिया। मामला सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव का है। पीड़ित पति की पहचान 30 वर्षीय संतोष राम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी का नाम पूजा देवी (28 वर्ष) है।
घटना गुरुवार रात की है। संतोष राम जब अपने घर लौटकर कमरे में गया तो उसकी पत्नी पूजा देवी ने अचानक उस पर लाठी से हमला कर दिया। संतोष गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके बाद पूजा ने अपने दुपट्टे से उसे फांसी देने की कोशिश की। संतोष को फंदे पर लटका देखकर परिजनों ने समय रहते उसे उतारा और नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में भर्ती कराया।
इलाज के बाद जब संतोष को होश आया, तो उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि आरोपी महिला की मेडिकल जांच के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पूजा और संतोष की शादी 2013 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं—एक 11 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे और कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हुआ हो सकता है। पूजा का मायका रांची में है और लड़की पहले भी दो बार ससुराल छोड़कर भाग चुकी है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, और संतोष की हालत गंभीर बनी हुई है।

