Palamu News:- पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा कला गांव में शनिवार रात एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। रविवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा और मृतक के बड़े बेटे व बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान निजामुद्दीन अंसारी (65 वर्ष) पिता स्व. लियाकत अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे उनका शव घर के पीछे बंद पड़े शौचालय में खून से लथपथ पाया गया। उनका गला धारदार हथियार से रेता गया था।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के बड़े बेटे अनीश अंसारी (40) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। साथ ही बहू और बेटी से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक का बड़े बेटे के साथ लंबे समय से पारिवारिक और जमीन विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत हुई, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बड़े बेटे ने पूर्व में कई बार पिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार को छोटा बेटा अपने ससुराल गया था और घर पर केवल निजामुद्दीन अकेले थे। इसी का फायदा उठाकर हत्या की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस शौचालय में शव मिला, वह लंबे समय से बंद पड़ा था। हत्या के बाद शव वहीं छिपाने की कोशिश की गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि हत्या के कारणों की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल बड़े बेटे और बहू से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

