Hazaribag News:- हजारीबाग जिले में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई कटकमसांडी थाना क्षेत्र के आरा भुसाई गांव में बुधवार को की गई, जहां से 53 पेटी नकली विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से विशेष कुमार सोनी नामक एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरा भुसाई गांव में विदेशी ब्रांड के नाम पर नकली शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विभाग की टीम ने छापेमारी की, जहां एक अवैध मिनी फैक्ट्री संचालित पाई गई। छापेमारी के दौरान नकली विदेशी शराब की 53 पेटियां बरामद की गईं, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान टीम को नकली शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, नकली लेबल, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण भी मिले हैं। जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यहां विभिन्न नामी विदेशी ब्रांडों की नकली शराब तैयार कर उसे बाजार में खपाया जा रहा था। इससे जहां एक ओर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर लोगों की सेहत और जान के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।
उत्पाद विभाग ने मौके से दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है, जिनका उपयोग नकली शराब की ढुलाई में किया जा रहा था। इनमें से एक वाहन लग्जरी श्रेणी का बताया जा रहा है, जिससे इस अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
यह कार्रवाई सहायक उत्पाद आयुक्त शिव कुमार साहू के निर्देश पर की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नामों का भी खुलासा किया है। उसकी निशानदेही पर सात अन्य संदिग्धों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि जिले में नकली और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह के गैरकानूनी धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

