Chaibasa News:– पश्चिम सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना अंतर्गत चाडाबासा गांव में उत्पाद विभाग ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में सैकड़ों लीटर तैयार अवैध शराब, बड़ी मात्रा में स्प्रिट, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। मौके पर मौजूद अवैध फैक्ट्री को टीम ने ध्वस्त कर दिया।
उत्पाद अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब चार बजे विभागीय टीम झींकपानी थाना क्षेत्र के चाडाबासा गांव पहुंची। ग्रामीण इलाके के एक पुराने मकान में शराब निर्माण की गतिविधियों की पुष्टि के बाद छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान 101 पेटी तैयार अवैध शराब, लगभग 500 लीटर स्प्रिट, हजारों खाली बोतलें और अन्य पैकिंग सामग्री बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 20 से 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
फैक्ट्री के संचालन में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। विभाग ने घटनास्थल से कई संदिग्ध दस्तावेज और सामग्रियां जब्त की हैं।
छापेमारी टीम में उत्पाद निरीक्षक, झींकपानी थाना पुलिस, सशस्त्र बलों के जवान और अन्य अधिकारी शामिल थे। बताया गया कि यह फैक्ट्री लंबे समय से इलाके में अवैध शराब की आपूर्ति कर रही थी।
उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान जारी है और आने वाले दिनों में अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

