Palamu News:-थाना क्षेत्र के दुलसुलमा पंचायत अंतर्गत हुडमुड गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुरेंद्र सिंह उर्फ बडकु सिंह के रूप में की गई है।
सूचना मिलते ही सतबरवा थाना के एएसआई अमित उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। मंगलवार दोपहर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
ग्रामीणों के अनुसार सुरेंद्र मजदूरी करता था और शराब की लत का शिकार था। सोमवार देर रात जब वह घर लौटा तो उसने पत्नी से दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला। इसी बात से नाराज होकर उसने घर से कुछ दूरी पर स्थित पहाड़ी टीले पर एक बैर के पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव लटकता देखा तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक के परिवार में पत्नी और एक साल का बच्चा है। अचानक हुए इस हादसे से पत्नी और बच्चे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं, दुलसुलमा पंचायत समिति सदस्य जगदीश सिंह, मुखिया ब्रह्मदेव सिंह और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक मिस्त्री समेत कई लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में उन्होंने कुछ आवाजें तो सुनी थीं, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने और जंगली जानवरों का डर होने के कारण कोई घर से बाहर नहीं निकला। सुबह जब शव लटकता मिला तब घटना की सच्चाई सामने आई।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

