Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान रविवार को आईईडी विस्फोट की घटना हुई है। इस विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों की पहचान अलख दास और नारायण दास के रूप में की गई है।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह विस्फोट सारंडा जंगल के बालिवा क्षेत्र में उस समय हुआ, जब सुरक्षा बल नक्सल विरोधी अभियान के तहत सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों जवान घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की व्यवस्था की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल जवानों का इलाज रांची स्थित राज अस्पताल में किया जाएगा, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आईईडी विस्फोट की घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सतर्कता और बढ़ा दी है। सारंडा जंगल के आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है और नक्सलियों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी सुनिश्चित कर रही हैं कि इलाके में कहीं और आईईडी न बिछाए गए हों।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

