Jamshedpur News:- राजनगर थाना अंतर्गत लकड़ा कोचा मोड़ के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे और शनिवार रात चाईबासा अपनी बहन के घर जाने की बात कहकर निकले थे। सुबह परिजनों को हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे। परिजनों ने हादसे के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चाईबासा की ओर जा रहे थे। लकड़ा कोचा मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़े एक हाईवा ट्रक में पीछे से उनकी बाइक जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवा चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस इलाके में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।

