Jamshedpur News:- गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। ट्यूलाडूंगरी की रहने वाली चंदा सिंह ने अपने पति आकाश कांत लाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पति ने उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की। मना करने पर उसने पांच दिन तक बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और फिर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
चंदा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन साल पहले आकाश से प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती दिन सामान्य रहे, लेकिन बाद में उसे यह पता चला कि उसका पति और ससुराल वाले देह व्यापार के धंधे में शामिल हैं। हाल ही में आकाश उसे चाईबासा ले गया और जबरन वेश्यावृत्ति के लिए दबाव बनाने लगा। चंदा ने सख्त इंकार कर दिया और घर लौट आई। इसके बाद आकाश ने उसे कमरे में बंद कर दिया और लगातार प्रताड़ित करता रहा।
पीड़िता के अनुसार, प्रताड़ना तब भयावह रूप ले ली जब आकाश ने चाकू से उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार कर दिया। खून से लथपथ हालत में वह किसी तरह अपने मायके सोनारी पहुंची और परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के बाद शुक्रवार की देर रात चंदा ने अपने पति, सास और ससुर के खिलाफ गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि आकाश पहले भी देह व्यापार से जुड़े मामले में जेल जा चुका है और अब लगातार उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
चंदा ने प्रशासन से अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

