Dumka News:- शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के नांगलभंगा के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एलपी ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और मोड़ पर नियंत्रण खो देने से हादसा हुआ। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना शिकारीपाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने मृत चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है ताकि यातायात सुचारु किया जा सके। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में आए दिन भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का लग रहा है। ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में शोक की लहर फैला दी है। स्थानीय लोगों ने मृतक चालक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

