Muzaffarpur News:- प्रेम प्रसंग में शादी से इनकार करने पर एक युवती ने ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा किया कि मामला सीधे थाने तक पहुंच गया। गयाघाट थाना परिसर में पुलिस की मध्यस्थता से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी युगल की शादी कराई गई, जिसमें पुलिसकर्मी खुद बाराती बने। मामला गयाघाट थाना क्षेत्र के दीपक कुमार और पियर थाना क्षेत्र की आरती कुमारी का है। दोनों का प्रेम संबंध करीब दो साल से चल रहा था और इस दौरान वे लिव-इन रिलेशनशिप में भी रह रहे थे। लेकिन हाल के दिनों में दीपक ने शादी से इंकार कर दिया। अपने रिश्ते को टूटते देख आरती पहले प्रेमी के घर पहुंची और वहां जमकर हंगामा किया। इसके बाद वह थाने पहुंची और युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया।
थाना अध्यक्ष उमाकांत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों परिवारों को थाने बुलाया। एक परिजन की तरह भूमिका निभाते हुए उन्होंने दोनों पक्षों को समझाया और आपसी सहमति बनाने की कोशिश की। आखिरकार, बातचीत के बाद दोनों परिवार राजी हो गए और थाने के परिसर स्थित मंदिर में विधिवत शादी संपन्न कराई गई।
शादी के दौरान पुलिसकर्मी, दोनों परिवारों के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। यह नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था, जहां पुलिस न केवल कानून व्यवस्था संभाल रही थी बल्कि प्रेम कहानी को भी अंजाम तक पहुंचा रही थी।
स्थानीय लोगों ने गयाघाट थानाध्यक्ष और उनकी टीम की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह की संवेदनशील मध्यस्थता से न केवल विवाद शांत हुआ बल्कि एक नया जीवन भी शुरू हो सका।

