Palamu News:- पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जपला-दंगवार मुख्य सड़क रविवार को चीख-पुकार और आक्रोश से गूंज उठा। बड़ेपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 8 वर्षीय माया कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने मासूम को रौंद डाला और चालक वाहन समेत भागने लगा। हालांकि दंगवार ओपी पुलिस की तत्परता से वाहन और चालक को धर दबोचा गया और बाद में हुसैनाबाद थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
मंगलडीह निवासी धर्मेंद्र राम की पुत्री माया कुमारी सड़क पार कर रही थी तभी अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीण और परिजन गुस्से से उबल पड़े। शव को बड़ेपुर उच्च विद्यालय के पास सड़क पर रखकर घंटों तक जाम लगाए रखा। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। जाम से जपला-दंगवार मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई
घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने की भरसक कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इस दौरान प्रशासनिक पदाधिकारी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
मासूम की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है। लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

