Bhagalpur News:– बिहार के तीन जिलों—किशनगंज, पटना सिटी और गया—के न्यायालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इस चेतावनी के मद्देनजर भागलपुर व्यवहार न्यायालय में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से कड़ा कर दिया गया है।
कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है। मुख्य प्रवेशB द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और हैंड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से भी सभी की तलाशी ली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वकीलों, फरियादियों और आम नागरिकों को कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
सुरक्षा बढ़ाने के लिए कोर्ट परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, ईमेल के जरिए भेजी गई धमकी की जांच के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि धमकी देने वालों का पता लगाया जा सके और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

