Patna News:- बिहार के बक्सर जिले में पुलिस और राज्य एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। असम से बक्सर तक फैले इस अवैध कारोबार में सक्रिय तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की है, साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात डुमरांव रेलवे स्टेशन पर निगरानी के दौरान पुलिस ने असम के होजाई जिले के लंका निवासी प्रेमा पंडित को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 322 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में प्रेमा पंडित ने खुलासा किया कि यह हेरोइन उसे असम निवासी राजू शिकारी उर्फ कृष्णा शिकारी ने दी थी और उसे बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के दुधीपट्टी निवासी उमाकांत गुप्ता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उमाकांत गुप्ता के घर छापेमारी की। वहां से 158 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में उमाकांत गुप्ता ने स्वीकार किया कि उसने यह हेरोइन करीब 70 लाख रुपये में खरीदी थी और सिमरी क्षेत्र से पूरे बक्सर जिले में छोटे-बड़े तस्करों के जरिए इसकी आपूर्ति करता था। जांच के दौरान जिले में फैले हेरोइन तस्करी के व्यापक नेटवर्क के संकेत मिले हैं, जिस पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार तस्कर प्रेमा पंडित असम पुलिस का मोस्ट वांटेड अपराधी है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

