Ranchi News:- झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने रविवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसे सुनियोजित हत्या करार दिया। मरांडी ने आरोप लगाया कि सूर्या हांसदा को 10 अगस्त को नावाडीह गांव से गिरफ्तार करने के बाद ललमटिया महगामा ले जाते समय पुलिस ने उनकी हत्या कर दी। उनके अनुसार सूर्या को थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया, जिसका प्रमाण उनका शव है। उन्होंने कहा कि सूर्या न केवल सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय थे बल्कि क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ भी थी। वे बोरियो विधानसभा से चार बार चुनाव लड़ चुके थे और हमेशा गरीब, असहाय व अनाथ बच्चों की मदद में आगे रहते थे।
मरांडी का कहना है कि सूर्या कोयला और बालू माफिया के खिलाफ आवाज उठाते थे। यही वजह है कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया गया। उन्होंने हेमंत सरकार से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
वहीं नगड़ी मौजा में प्रस्तावित रिम्स-02 के लिए अधिग्रहित की जा रही 227 एकड़ जमीन पर भी मरांडी ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह आदिवासियों की भूईहरी और खेतीहर जमीन है, जिसे जबरन छीना जा रहा है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट घोषणा करने को कहा कि रैयतों की जमीन उनसे नहीं छीनी जाएगी, उनका रसीद कटेगा और वे अपनी खेती-बाड़ी पहले की तरह जारी रख सकेंगे।
मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए तो भाजपा आदिवासियों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार विकास के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीनने का काम कर रही है, जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

