Ranchi News:- झारखंड में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 22 अगस्त को पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों में तेज बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 25 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और निचले इलाकों में रहने वालों को सावधानी बरतने की अपील की है।
बीते 24 घंटे में भी झारखंड के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के गोयलकेरा में सबसे अधिक 36.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। वहीं, राजधानी रांची में 16.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली। तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्यभर में उमस और आर्द्रता बनी रहेगी, लेकिन 22 अगस्त के बाद कई हिस्सों में तेज बारिश होने से मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में 31.6 डिग्री, डालटेनगंज में 32.7 डिग्री, बोकारो में 30.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है।

