Ranchi News:- चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर झारखंड में दिखने लगा है। रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान के प्रभाव से अगले दो दिनों तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राज्य के कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई है। रांची में 21 मिमी, खूंटी में 48 मिमी, बहरागोड़ा में 42.4 मिमी, गुडाबांधा में 33.4 मिमी, जमशेदपुर में 32.6 मिमी, पुटकी में 31.2 मिमी, अड़की और नामकुम में 25 मिमी, हरिहरगंज में 24 मिमी, खरसावां में 22.8 मिमी, नीमडीह में 22.4 मिमी और धालभूमगढ़ में 21.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पिछले 24 घंटों में झारखंड का अधिकतम तापमान देवघर में 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लातेहार में 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, रांची में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री, जमशेदपुर में 32.1, डालटेनगंज में 30.6, बोकारो में 31.1 और चाईबासा में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव से एक नवंबर तक राज्य में बारिश जारी रहेगी। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा और ठंड में और बढ़ोतरी की संभावना है।
बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम में सर्दी का एहसास बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

