Ranchi News:- झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव आने वाला है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को घोषणा की कि अब राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन की आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी और महंगे इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी खत्म होगी। स्वास्थ्य मंत्री रांची के नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने 91 सामुदायिक स्वास्थ्य (सीएचओ) को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में जो सुधार नहीं हो पाया था, उसे अब तेजी से पूरा किया जा रहा है।
डॉ. अंसारी ने कहा, “हम जो बोलते हैं वो करके दिखाते हैं। झारखंड में गंभीर बीमारियों के इलाज को ध्यान में रखते हुए 2100 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल बनाया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में छह नए मेडिकल कॉलेज भी जल्द ही स्थापित होंगे। इससे झारखंड की जनता को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।”
उन्होंने समारोह में शायरी के माध्यम से विरोधियों पर भी निशाना साधा और कहा, “मजबूत से मजबूत लोहा टूट जाता है, कई झूठे इकट्ठे हों तो सच्चा टूट जाता है।”
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि झारखंड का स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। शिशु मृत्यु दर, मातृत्व मृत्यु दर और संस्थागत प्रसव में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
इस मौके पर एनएचएम अभियान के निदेशक शशि प्रकाश झा, मेडिकल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक अबु इमरान और प्रमुख स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह घोषणा झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है, खासकर उन जिलों के लिए जहां लोग अभी भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।

