Jamtara News:- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और जामताड़ा से कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को भाजपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “भाजपाइयों की आंखों में धतूरा लग गया है, इसीलिए उन्हें खुजली हो रही है।”
पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा केवल राज्य सरकार की नीतियों में खामियां निकालने का काम करती है, जबकि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर मजबूत हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
भाजपा नेत्री और पूर्व विधायक सीता सोरेन द्वारा स्वास्थ्य विभाग और मंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर डॉ. अंसारी ने कहा, “मैं उनका सम्मान करता हूं, इसलिए उनके खिलाफ कुछ नहीं कहूंगा। लेकिन अगर उनके पार्टी के बड़े नेता मेरे खिलाफ कुछ बोलेंगे, तो मैं भी चुप नहीं रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं और उपलब्धियां भाजपा नेताओं को रास नहीं आ रही हैं, इसीलिए वे लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
डॉ. अंसारी ने यह भी कहा कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे विकास कार्यों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। “हमारा लक्ष्य है कि झारखंड के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले। भाजपा केवल राजनीति कर रही है, जबकि हम जनता की सेवा कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।
मंत्री ने अंत में स्पष्ट किया कि सरकार जनता के हित में काम कर रही है और आने वाले दिनों में स्वास्थ्य सेवाओं में और भी सुधार देखने को मिलेगा।

