औरंगाबाद।

जिले की अंबा थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली शिव भुईयां को गिरफ्तार किया है। औरंगाबाद के ढिबरा थाना क्षेत्र के दुलारे गांव का रहने वाला नक्सली फिलहाल झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत हरिहर थाना क्षेत्र के जहाना गांव में ससुराल में रह रहा था और वहीं से नक्सली गतिविधियां भी चलाता है। गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ औरंगाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रो में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।
बताया जाता है कि नक्सली भुईयां ने पुलिस के पूछताछ में कई खुलासे किए है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी नक्सली शिव भुईयां अपने गांव में नक्सली गतिविधियाें के अंजाम के उद्देश्य से आया है। इस सूचना पर अंबा थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए नक्सली को संडा मेला स्थल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के समक्ष उसने नक्सली गतिविधियों में अपने संलिप्ता स्वीकार किया है। एसपी ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ ढिबरा थाना, नवीनगर थाना, देव थाना सहित अंबा थाना में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। वर्ष 2009 में देव प्रखंड कार्यालय उड़ाने व वर्ष 2001 में अंबा थाना क्षेत्र में पुल को ध्वस्त करने सहित अन्य कांडो को शामिल था। उन्होंने बताया कि शिव भुईयां ने कई नक्सलियों का नाम और स्थान के बारे में खुलासे किए है, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम में शामिल अंबाथानाध्यक्ष भारती के अलावा ढिबरा थानाध्यक्ष सूर्य कुमार, दारोगा अनंत कुमार सहित अन्य पुलिस को पुरस्कृत किया जाएगा।