Lohardaga News:- भारतीय जनता पार्टी की ओर से किस्को प्रखंड के मेरले गांव में मंगलवार को चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित थे।
इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का लक्ष्य लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने का संकल्प है और इसे हर वर्ग के मेहनत और योगदान से ही हासिल किया जा सकता है। बाबूलाल ने रामायण के उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान राम ने हर वर्ग और जीव-जंतुओं के सहयोग से लंका में विजय प्राप्त की थी, उसी तरह देश के विकास में सभी का योगदान आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से स्वदेशी अपनाने और भारत में बनी वस्तुओं की खरीदारी करने की अपील की। बाबूलाल ने कहा कि विदेशी वस्तुओं का त्याग किए बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। स्वदेशी अपनाने से भारत में उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।
बाबूलाल ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों से सरकार केवल भाषण देती रही है। राज्य में अपराध, चोरी, लूट और अपहरण की घटनाएं चरम पर हैं और कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस अपराधियों को पकड़ने के बजाय गांवों में घर निर्माण के लिए बालू पकड़ने में लगी हुई है और बालू के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। साथ ही, कोयला और बालू की चोरी कराने में सरकार व्यस्त है।
बाबूलाल ने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त किए बिना रोजगार के अवसर पैदा नहीं होंगे। उन्होंने किसानों के मुद्दों को भी उठाया और बताया कि धान की खरीदी में किसानों को उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा है। फसल बर्बाद होने पर मुआवजा भी अभी तक नहीं मिला है।
इसके अलावा बाबूलाल ने राज्य में आदिवासी और हिंदू आबादी में गिरावट का जिक्र किया और एक समुदाय विशेष की आबादी बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में रोहिंग्या-बांग्लादेशी को बसाया गया है और उन्हें वोट देने का अधिकार प्राप्त है।
कार्यक्रम में बाबूलाल ने उपस्थित लोगों से स्वदेशी अपनाने और देशहित में कार्य करने का संकल्प लेने की अपील की। इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

