Khunti News:- नेता प्रतिपक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी बंद होने के डर से राज्य की हेमंत सरकार नगर निकाय चुनाव कराने से कतरा रही थी। भाजपा के आंदोलन और उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सरकार चुनाव कराने को विवश हुई है।
मरांडी सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी के समर्थन में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष आनंद कुमार और चुनाव संयोजक काशीनाथ महतो सहित अन्य नेताओं ने अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि खूंटी में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत केवल स्थानीय स्तर की जीत नहीं होगी, बल्कि इससे पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्साह मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब तक विजय प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी कार्य में जुटे रहना होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव नहीं कराना चाहती थी और प्रशासक के माध्यम से मनमानी करना चाहती थी, लेकिन अदालत के आदेश के बाद चुनाव कराने को बाध्य हुई। मरांडी ने कहा कि भाजपा दलीय आधार पर चुनाव की पक्षधर रही है, क्योंकि शहरी क्षेत्रों में पार्टी मजबूत स्थिति में है, लेकिन सरकार ईवीएम से चुनाव नहीं करा रही है।
उन्होंने कहा कि खूंटी सहित राज्य के 48 नगर निकायों में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराए जा रहे हैं, जिससे धांधली की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर प्रत्याशी और चुनाव चिन्ह की जानकारी दें, मतदान प्रक्रिया और मतगणना के दौरान पूरी सतर्कता बरतें तथा किसी भी कथित षड्यंत्र को विफल करें। उन्होंने कहा कि इस चुनाव को छोटा न समझें, क्योंकि राज्य में विकास कार्य ठप हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है।
पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि रानी टूटी को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा प्रदेश, राष्ट्र और समाज के विकास के लिए कार्य करती रही है। शहरी क्षेत्र में पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में सकारात्मक प्रयासों से स्थिति में काफी सुधार हुआ और खूंटी नगर क्षेत्र में विकास के कई कार्य हुए।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी ने कहा कि वह पहले भी खूंटी नगर पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं और अपने कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास कार्य किए। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प ले चुकी है। चुनाव संयोजक काशीनाथ महतो ने रानी टूटी को बेदाग छवि की प्रत्याशी बताया।
बैठक में ओमप्रकाश कश्यप, मदन मोहन मिश्रा, जितेंद्र कश्यप, भीम सिंह मुंडा, परमानंद कश्यप, प्रियांक भगत, कृष्णानंद तिवारी, लव चौधरी, कैलाश महतो, अर्जुन पाहन, चुनाव प्रभारी उमेश साहू, जैलेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

