Jamshedpur News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल की रेलवे साइडिंग में मंगलवार सुबह एक बार फिर मालगाड़ी की बोगी बेपटरी हो गई। इस घटना के कारण गुवा सेल से होने वाली लौह अयस्क की ढुलाई प्रभावित रही और करीब चार घंटे तक रेल परिचालन पूरी तरह ठप रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, गुवा सेल के बंकर साइड पर सुबह करीब 10:45 बजे मालगाड़ी की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई। इसके बाद रेलवे ट्रैक अवरुद्ध हो गया, जिससे रेल लाइन पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बेपटरी की घटना के चलते इस मार्ग से किसी भी ट्रेन का परिचालन संभव नहीं हो सका, जिसका सीधा असर लौह अयस्क की माल ढुलाई और आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ा।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि गुवा सेल के इसी बंकर साइड पर इससे पहले भी चार बार मालगाड़ी बेपटरी हो चुकी है। बार-बार हो रही घटनाओं ने रेलवे और सेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हादसों के कारण क्षेत्र में रेल सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
बताया जाता है कि पूर्व की घटनाओं के बाद गुवा सेल प्रबंधन ने ब्रिटिश काल की पुरानी रेल पटरियों को हटाकर नई पटरियां बिछवाई थीं, ताकि बेपटरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। बावजूद इसके, नई पटरियों पर भी मालगाड़ी का पटरी से उतरना रेल लाइन की गुणवत्ता, डिजाइन और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और सेल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्रेन और तकनीकी टीम की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में बेपटरी बोगी को हटाया गया और ट्रैक को दुरुस्त किया गया। इसके बाद रेल परिचालन बहाल हो सका।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा का गुवा रेलवे साइडिंग निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन ट्रैक बाधित होने के कारण वे गुवा नहीं पहुंच सके। इसके बाद उन्होंने डांगवापोसी, नोवामुंडी और बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया।

