Ranchi News:- रोमियो ब्रेसलैंड नाइट क्लब में शनिवार देर रात करीब 12 बजे लगी भीषण आग में झारखंड के तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में रांची जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई—प्रदीप महतो (25) और विनोद महतो (22)—साथ ही गोविंदपुर, कर्रा के मोहित मुंडा (22) शामिल हैं। इस हादसे में अब तक कुल 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
गैस सिलेंडर फटने से लगी आग, चारों ओर मच गई अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्लब में गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और क्लब में भगदड़ की स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।
बताया गया कि विनोद महतो की मौत दम घुटने से हुई, जबकि प्रदीप महतो और मोहित मुंडा आग की भीषण लपटों में झुलस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही फतेहपुर और गोविंदपुर गांवों में मातम छा गया। प्रदीप और विनोद के पिता धनेश्वर महतो तथा मोहित मुंडा के पिता एतवा मुंडा सहित परिजन बेसुध हालत में हैं। फतेहपुर गांव में शोक के कारण किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला। पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बेहतर रोजगार की तलाश में फतेहपुर और आसपास के कई युवक गोवा में काम कर रहे हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों में भी दहशत फैल गई है।
पुलिस कर रही है जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गोवा पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है और क्लब प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
इस भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है।

