Jamshedpur News:- 45-घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन की अधिसूचना जारी कर दी गई। गजट प्रकाशन के साथ ही स्थानीय स्तर पर भी अधिसूचना जारी होने के बाद जिले में चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई।
इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने नामांकन से लेकर मतदान तक की पूरी प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी घाटशिला अनुमंडल कार्यालय से पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
उपचुनाव के लिए घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। नामांकन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर 2025 तक चलेगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 6 अक्टूबर को उपचुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की दिशा में सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ईवीएम पर कुछ तकनीकी सुधार किए हैं। अब ईवीएम पर उम्मीदवारों के रंगीन फोटो, नाम और क्रम संख्या बड़े अक्षरों में प्रदर्शित होंगे, जिससे मतदाताओं को पहचान में आसानी होगी।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। जिले की सभी अंतरराज्यीय और अंतरजिला चेकनाकाओं पर सख्त निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध मादक पदार्थ, नकद राशि, शराब या उपहारों के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (AMF) सुनिश्चित की जा रही है। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए होम वोटिंग, साथ ही मतदान केंद्र तक आने-जाने के लिए वाहन, व्हीलचेयर, रैंप और वॉलंटियर की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर भी निगरानी बढ़ाई गई है ताकि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

