Gas Cylinder Shortage India : ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और मिडिल ईस्ट में संकट की खबरों के बीच भारत में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. खासकर होर्मुज स्ट्रेट में संभावित गतिरोध की खबरों के बाद कई जगहों पर एलपीजी की पैनिक बुकिंग शुरू हो गई. इस बीच केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में कुकिंग गैस की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है.
रिफाइनरी क्षमता 100 फीसदी, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत में क्रूड ऑयल रिफाइनिंग की कुल क्षमता 258 मिलियन टन है और फिलहाल रिफाइनरियां 100 फीसदी क्षमता के साथ काम कर रही हैं. देशभर में सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति भी सुचारू रूप से चल रही है. उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल उपलब्ध है और लोगों को किसी भी तरह की घबराहट में आकर ईंधन जमा करने की जरूरत नहीं है. साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे ढीला पेट्रोल या डीजल खरीदने से बचें.
पैनिक बुकिंग से बढ़ी गैस सिलेंडर की डिमांड
सरकार के मुताबिक सामान्य दिनों में रोजाना करीब 50 लाख एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन हाल के दिनों में यह संख्या बढ़कर 75 लाख तक पहुंच गई है. सुजाता शर्मा ने कहा कि देशभर में करीब 25 हजार एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास पर्याप्त गैस उपलब्ध है. लोगों से अपील की गई है कि वे पैनिक बाइंग न करें और जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें. कालाबाजारी और सिलेंडर की होल्डिंग करने वालों के खिलाफ राज्यों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
कई राज्यों में कार्रवाई, कंट्रोल रूम भी बनाए गए
सरकार के अनुसार कुछ जगहों पर कालाबाजारी के मामले सामने आए हैं, जिन पर तुरंत कार्रवाई की गई है. झांसी में गैस सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया. वहीं हापुड़ और मध्य प्रदेश में भी बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद किए गए हैं. राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और कई राज्यों में कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं.
Read More : सदन के बाहर गूंजे “हेमंत सरकार हाय-हाय” के नारे, भाजपा विधायकों ने वादाखिलाफी का लगाया आरोप
सरकार की अपील – अफवाहों से बचें, गैस की आपूर्ति जारी
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव सेंथिल राजन ने कहा कि सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर कई अफवाहें फैल रही हैं, जिनसे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि देश के बंदरगाहों पर जहाजों की आवाजाही सामान्य है और एलएनजी की आपूर्ति में भी कोई कमी नहीं है. सरकार ने भरोसा दिलाया है कि घरेलू उपभोक्ताओं और अस्पतालों को एलपीजी की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी. साथ ही लगभग सात लाख परिवारों को एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट करने की भी योजना है, जिससे गैस आपूर्ति पर दबाव कम किया जा सके.

