Giridih News:- जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। बुधवार देर रात भरकट्टा ओपी अंतर्गत चिताखारो गांव में छह नकाबपोश अपराधियों ने एक किराना दुकानदार सह ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के घर में धावा बोलते हुए लाखों की डकैती को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, किराना व्यवसायी संजय वर्मा अपने परिवार के साथ घर में सोए हुए थे। तभी देर रात करीब एक बजे अपराधियों ने घर के पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। हथियारबंद अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर संजय वर्मा, उनकी पत्नी और छह महीने के बच्चे को बंधक बना लिया और आवाज उठाने पर जान से मारने की धमकी दी।
अपराधियों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारी में रखे पेट्रोल पंप की बिक्री के लगभग ढाई लाख रुपये नकद, करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन कैमरा समेत अन्य कीमती सामान लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
पीड़ित संजय वर्मा ने बताया कि उनके घर के पास गणेश महतो का पेट्रोल पंप है, जिसकी रोजाना की बिक्री की राशि उन्हें बैंक में जमा करने के लिए दी जाती थी। संभवतः अपराधियों को इसकी जानकारी पहले से थी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के भागने के बाद उन्होंने अपनी कार से पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे।घटना की सूचना पर भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।
इसी बीच, बगोदर थाना क्षेत्र के अड़वारा गांव में भी चोरी की दूसरी वारदात सामने आई है। अपराधियों ने प्रसादी महतो के घर से करीब ढाई लाख रुपये नकद और जेवरात उड़ा लिए। बताया गया कि परिवार दुर्गा पूजा के अवसर पर बाहर गया हुआ था। गुरुवार सुबह लौटने पर घर के कमरे अस्त-व्यस्त और आलमारी खाली मिली।
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

