Jamshedpur News;- जामशेदपुर के कदमा क्षेत्र में फ्लैट दिलाने के नाम पर एक महिला से पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता रेखा सिंह ने बुधवार को एसएसपी पीयूष पांडेय को लिखित शिकायत देकर बिल्डर भाइयों पर धोखाधड़ी और धमकी का आरोप लगाया है। कदमा सिंडिकेट कॉलोनी निवासी रेखा सिंह ने बताया कि जुलाई 2024 में उन्होंने कामधेनू अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या 1/9 खरीदने के लिए बिल्डर रोहित अग्रवाल और उसके भाई राहुल अग्रवाल को पांच लाख रुपये अग्रिम दिए थे। यह भुगतान चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए किया गया था।
रेखा सिंह का कहना है कि बिल्डर ने उन्हें न तो रसीद दी और न ही फ्लैट की खामियों को दूर किया। उल्टा फ्लैट को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। जब उन्होंने राशि वापसी की मांग की, तो बिल्डर ने केनरा बैंक का पांच लाख का चेक दिया, लेकिन खाता ब्लॉक होने से वह दो बार बाउंस हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि पैसे लौटाने के सवाल पर बिल्डर ने खुलेआम धमकी दी। उन्होंने कहा— “हमने तुमसे पांच लाख लिए हैं, चाहे रिकॉर्ड कर लो। कोर्ट में घसीटकर 20 लाख खर्च करवा देंगे, लेकिन पैसा नहीं देंगे। कोई प्रशासन या नेता हमें छू भी नहीं सकता।”
रेखा सिंह ने बताया कि उन्होंने दो बार वकील के जरिए कानूनी नोटिस भेजा, मगर बिल्डर ने लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद फरवरी 2025 में कदमा थाना में भी लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिला ने बताया कि घर में बेटी की शादी तय है और उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। बिल्डर की ठगी और धमकी से वे मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने एसएसपी से तत्काल कार्रवाई कर ठगे हुए पैसे की वापसी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।

